गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शोपियां में गैर स्थानीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में शोपियां के वंदना मलहोरा इलाके में शुक्रवार को एक गैर स्थानीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी।
एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि बिहार के बांका जिला निवासी अशोक चौहान पेशे से मक्का विक्रेता था और अनंतनाग के संगम इलाके में रहता था। आज सुबह वह शोपियां के सीमावर्ती गांव वंदना मलहोरा से मक्का लेने गया था, जहां आतंकवादियों ने उसे गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने शव को देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि उसे कई गोलियां लगी थीं। हमलावरों की तलाश के लिए संयुक्त दल ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया है।
गौरतलब है कि इस साल इलाके में किसी गैर-स्थानीय व्यक्ति पर यह तीसरा हमला है। इससे पहले गत फरवरी में श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में आतंकवादियों ने पंजाब के दो श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद अप्रैल में अनंतनाग जिले के जबलीपोरा बिजबेहरा में बिहार के एक अन्य निवासी की गोली मार दी गयी थी।
वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किये जाने के बाद से आतंकवादी घाटी में गैर-स्थानीय श्रमिकों को नियमित रूप से निशाना बना रहे हैं तथा 2021 और 2022 में ऐसी घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *