गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विरोध प्रदर्शन से मणिपुर में सामान्य जनजीवन ठप

इम्फाल : मणिपुर में कुकी उग्रवादियों की ओर से तखेल्लंबम मनोरंजन सिंह की नृशंस हत्या समेत 26 लोगों के अपहरण के बाद हत्या के खिलाफ संयुक्त एक्शन कमेटी (जेएसी) की शनिवार सुबह 48 घंटे की आम हड़ताल से सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। हड़ताल के कारण सभी शैक्षणिक संस्थान और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कें पूरी तरह से सुनसान रहीं और लोग बाहर नहीं निकले। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी की गई थी।
इस बीच कुकी उग्रवादियों द्वारा 18 जुलाई को निंगथौखोंग में चार ग्रामीणों की हत्या के खिलाफ जेएसी ने कहा कि वे चार लोगों के शव नहीं लेगें। उन्होंने उन सैन्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जो क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा के लिए तैनात थे। ग्रामीणों ने कहा कि चार ग्रामीणों की हत्या से ठीक पहले, सैनिक पानी लेने के लिए इलाके में आए थे।
इस बीच यूथ फोरम फॉर प्रोटेक्शन ऑफ ह्यूमन राइट्स (वाईएफपीएचआर) ने सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने के औचित्य पर सवाल उठाया क्योंकि कुकी उग्रवादियों के हमलों को सैनिकों द्वारा नहीं रोका गया था। मंच ने सुरक्षा कर्मियों के विभिन्न शिविरों के निकट किसानों और नागरिकों पर हुए हमलों की एक सूची दी।
पिछले 45 दिनों के दौरान कुकी उग्रवादियों ने बच्चों समेत करीब 26 लोगों की अपहरण के बाद हत्या कर दी है। कुकी उग्रवादियों के हालिया हमलों में मणिपुर पुलिस के दो जवान मारे गए और 13 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मणिपुर सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से सीमावर्ती शहर मोरेह में सुरक्षा कर्मियों की मदद के लिए हेलीकॉप्टर भेजने का अनुरोध किया है क्योंकि विभिन्न कुकी संगठनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि कुकी उग्रवादी भारी हथियारों से लैस थे और अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थे तथा ऐसी खबरें थीं कि म्यांमार के नागरिक उन लोगों की मदद कर रहे थे जो मणिपुर पुलिस पर हमला कर रहे थे। सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस चुपचाप बैठी है इसलिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि संयुक्त बल ने शुक्रवार को चुराचांदपुर जिले से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
बरामद हथियारों और गोला-बारूद में मैगजीन के साथ एक 5.56 मिमी एम4ए1 असॉल्ट राइफल, एक 9 मिमी पिस्तौल, सात सिंगल बैरल राइफल, एक 38 मिमी आंसू गैस गन शेल, 12 इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, एक हैंड ग्रेनेड और चार 9 मिमी गोला-बारूद शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *