शामली : उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने शनिवार को बताया कि जनपद शामली में बोर्ड ने प्रदूषण मानकों का उल्लंघन कर रहे 32 प्रमुख उद्योगों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा क्षेत्र में लगातार भ्रमण किया जा रहा है और निरीक्षण में मानकों का उल्लंघन करते पाये गये उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सिंह ने बताया कि शामली जनपद एनसीआर में आच्छादित है। एनसीआर और निकटवर्ती क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा संशोधित ग्रेडेड रिस्पोंस एक्शन प्लान 01 अक्तूबर से प्रभावी हो चुका है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता के आधाार पर आयोग द्वारा वायु प्रदूषण नियंत्रण किए जाने के लिए कार्रवाई हेतु संबंधित दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी के चलते उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा शामली जनपद के 32 प्रमुख प्रदूषणकारी उद्योगों को नोटिस जारी किया गया है। इनमें शामली की 03 शुगर इकाईयों, 2 पेपर मिलों, 01 डिस्टलरी इकाई में आयोग द्वारा अनुमन्य ईंधन बायोमॉस का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देश पर गठित फ्लाइंग स्क्वायड एवं बोर्ड द्वारा निरंतर क्षेत्र का भ्रमण किया जा रहा है तथा निरीक्षण में दोषी पाए जाने वाले उद्योगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शामली की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने भी संबंधित विभागों को आयोग द्वारा वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करने हेतु की जाने वाली सभी कार्रवाईयों को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदूषण कर रहे 32 उद्योगों को नोटिस
