गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मणिपुर में लोकसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी

इंफाल : मणिपुर की कुल दो लोकसभा सीटों आंतरिक मणिपुर और बाहरी मणिपुर (एसटी) चुनाव के लिए अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी गयी। राज्य में लोकसभा चुनाव दो चरणों में होंगे, 19 अप्रैल को आंतरिक मणिपुर और बाहरी मणिपुर के कुछ विधानसभा क्षेत्रों के लिए और 26 अप्रैल को बाहरी मणिपुर के 13 क्षेत्रों में मतदान होंगे। दोनों सीटों के लिए उम्मीदवार या प्रस्तावक 27 मार्च तक पर्चा जमा कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को की जाएगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 मार्च होगी।
आंतरिक मणिपुर के लिए इम्फाल पश्चिम डीसी कार्यालय, लाम्फेलपत में नामांकन पत्र दाखिल करने की व्यवस्था की गयी है और बाहरी मणिपुर के लिए थौबल, उखरुल, सेनापति, कांगपोकपी, तामेंगलोंग, चुराचांदपुर जिलों के डीसी कार्यालयों में दस्तावेज जमा किये जा सकते हैं।
चुनाव अधिकारियों ने सभी 16 जिलों में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य में संकट के कारण विस्थापित हुए लगभग 60,000 लोगों के लिए अलग मतदान केंद्र होंगे। आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों को उस स्थान का सामान्य निवासी माना जायेगा, जहां से वे विस्थापित हुए हैं और इसलिए उन्हें मूल स्थान का मतदाता माना जायेगा। इस कार्य के लिए प्रत्येक जिले में नामित सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
मतदान केवल ईवीएम के माध्यम से होगा और वोटों की गिनती जिला मुख्यालय पर होगी जहां राहत शिविर स्थित हैं और परिणाम संबंधित चुनाव अधिकारी/सहायक चुनाव अधिकारी को भेजे जाएंगे। आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों को मतदान की तारीख से कम से कम 10 दिन पहले नामित एआरओ के समक्ष आईडी फॉर्म जमा कराना आवश्यक है। राज्य में 9,80,855 पुरुष, 10,47,929 महिला और 239 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 14152 है जबकि 85 वर्ष से अधिक के मतदाताओं की संख्या 22491 है। मतदान केंद्रों की कुल संख्या 2955 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *