नई दिल्ली : कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव से पहले आज पूर्वांचल के छात्रों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम को संगठन के लिए आने वाले चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वह एनएसयूआई में पूर्वाचल के प्रभारी रहे हैं, इसलिए पूर्वांचल से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनावों में पूर्वांचल के छात्रों की बड़ी भूमिका होगी और उन्हें उम्मीद है कि पूर्वांचल के छात्र चुनाव में एनएसयूआई को वोट देंगे।
उन्होंने पूर्वांचल के छात्रों का आह्वान किया कि डूसू चुनाव में एनएसयूआई को उनका समर्थन इस तरह से मिलना चाहिए कि सभी चार सीटों पर उनका संगठन जीत हासिल करे। उनका कहना था कि एनएसयूआई डूसू चुनाव में जीत दर्ज करता है तो सभी छात्रों के कल्याण के लिए काम करेगा।
एनएसयूआई मीडिया विभाग के प्रभारी रवि पांडे ने बताया कि समारोह में एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत और एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष नदीम जावेद भी मौजूद थे।
दिल्ली विश्वविद्यालय में एनएसयूआई का शक्ति प्रदर्शन
