गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नूंह घटना दुर्भाग्यपूर्ण, अब तक छह की मौत

चंडीगढ़ : मनोहर लाल खट्टर ने नूंह में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते कहा है कि इसमें अभी तक छह लोगों की मौत हुई है जिनमें दो होमगार्ड जवान और चार नागरिक हैं। कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नल्हड़ , मेदांता, गुरुग्राम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खट्टर ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस हिंसा के पीछे जो षड्यंत्रकारी थे, उनकी पहचान की जा रही है और तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।

जो लोग फरार हैं, उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। अभी तक 116 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनका रिमांड लिया जाएगा और जानकारी हासिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नूंह में हरियाणा पुलिस की 30 कम्पनियां तैनात की गई हैं। केंद्रीय सुरक्षाबलों की 20 कम्पनियां केंद्र से मिली थीं जिनमें से तीन कम्पनियां पलवल, दो गुरुग्राम और एक को फरीदाबाद में तैनात किया गया है तथा 14 कम्पनियां नूंह जिले में तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा करना सरकार का दायित्व है। पुलिस चौकस है। अन्य स्थानों पर भी जो छिटपुट घटनाएं हुई हैं वहां स्थिति नियंत्रण में है तथा धीरे धीरे सामान्य हो रही है।
नूंह के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बल गश्त कर रहे हैं। नूंह में कर्फ्यू लागू है तथा इंटरनेट सेवाएं फिलहाल बंद हैं। फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी स्थिति सामान्य हो रही है। मुख्यमंत्री ने जनता से शांति बनाये रखने की अपील करते हुये कहा कि आपसी तनाव से भाईचारा बिगड़ता है, इसलिए इसे ,खराब न करें। भाईचारा बनाए रखने में ही प्रदेश की खुशहाली है। किसी प्रकार की घटना को आगे न बढ़ने दें। आमजन शांति और भाईचारा बनाकर समाज की एकता का संदेश दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *