गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नूंह : ठीकरी पहरा लगाने के आदेश

नूंह(मेवात) : हरियाणा के नूंह जिला प्रशासन ने नूंह में सर्वजातीय हिंदू महापंचायत के 28 अगस्त को पुन: ब्रजमंडल शोभा यात्रा निकालने के आहवान के मद्देनजर सभी गांवों और शहरों में 26 से 28 अगस्त तक ठीकरी पहरा लगाने के आदेश दिये हैं। जिला उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शनिवार को यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि इन आदेशों का पालन कराने के लिए जिला परिषद नूंह के मुख्य कार्यकारी को ओवरऑल प्रभारी बनाया गया है।

जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, सम्बंधित क्षेत्र के तहसीलदार और उप-तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, ग्राम पंचायत और स्थानीय निकाय उनका सहयोग करेंगे। ठीकरी पहरा के लिए सभी गांवों और शहरों में स्थानीय निवासियों में से सक्षम लोगों की ड्यूटी लगाई जाए। सभी थाना प्रबंधक भी इस मामले में संबंधित नगरपरिषद, नगरपालिकाओं और ग्राम पंचायतो से सम्पर्क बनाये रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि नूंह जिले में कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 28 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू की गई है जिसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध है। इन आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *