चंडीगढ़ : भगवंत मान ने शनिवार को राज्य में कारोबारी अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए उद्योगपतियों से फीडबैक मांगने के लिए वाट्सऐप नंबर 8194891948 और ई-मेल आई डी जारी की। मुख्यमंत्री ने यहाँ जारी एक बयान में कहा कि देश भर में पंजाब सरकार ही एक ऐसी सरकार है, जो सभी के मशवरे के अनुसार नीतियाँ बनाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों को मुफ़्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक और नहर के पानी की स्कीमों को लागू करने के लिए लोगों के विचार लिए हैं।
मान ने कहा कि नतीजा सबके सामने है क्योंकि लगभग 90 प्रतिशत लोगों को ज़ीरो बिल आ रहे हैं, लगभग 35 लाख लोग आम आदमी क्लीनिकों में मुफ़्त इलाज का लाभ ले चुके हैं और 40 सालों बाद नहर का पानी गाँवों में पहुँचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को तेज आर्थिक विकास की राह पर लाने के लिए राज्य सरकार ने पंजाब में उद्योग को बढ़ावा देने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को औद्योगिक विकास के केंद्र के तौर पर उभारने के लिए कदम उठाए गए हैं, जिससे राज्य के नौजवानों को अधिक से अधिक रोज़गार के मौके मिल सकें। श्री मान ने कहा कि राज्य में उद्योगों के नये प्रोजैक्ट लगाने के साथ-साथ राज्य सरकार मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को उद्योग अनुकूल माहौल भी मुहैया करेगी जिससे वह राज्य में अपने कामकाज का विस्तार कर सकें।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को वाट्सऐप नंबर 8194891948 और ईमेल आई डी पर उद्योग को उत्साहित करने के लिए अपने विचार देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यह कीमती सुझाव राज्य सरकार को पंजाब में उद्योग को उत्साहित करने के लिए नीतियाँ बनाने में मदद करेंगे।
उद्योगपतियों से फीडबैक लेने के लिए नंबर जारी
