गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सरकारी स्कूल में नहीं मिल रहा पौष्टिक आहार

चंडीगढ़ : इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी (भाजपा-जजपा) गठबंधन सरकार पर राज्य के सरकारी स्कूलों के लगभग 16 लाख विद्यार्थियों को गत तीन माह से पौष्टिक आहार उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया है।
श्री चौटाला ने मंगलवार को यहां कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना’ के तहत राज्य के सरकारी स्कूलों के पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार दिया जाता है, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षा निदेशालय द्वारा खाना पकाने की राशि जारी न किए जाने के कारण राज्य के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार से वंचित किया जा रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई दर और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों की मार भी पौष्टिक आहार पर पड़ी है क्योंकि जैसे-जैसे महंगाई बढ़ रही है वैसे-वैसे पौष्टिक आहार की गुणवत्ता में भी कमी आ रही है।
इनेलो नेता ने गठबंधन सरकार पर सरकारी स्कूलों को बंद करने का भी आरोप लगाया। पहले सरकारी स्कूलों में नाममात्र की फीस ली जाती थी जो अब 500 रुपए कर दी गई है। इसी तरह उच्च शिक्षा की फीस कई गुणा बढ़ा दी है। मेडिकल कालेजों में लाखों रूपए के बाँड की अनिवार्यता कर दी है। ऐसे में इस सरकार से विद्यार्थियों के हित में कोई सकारात्मक काम करने की उम्मीद करना बेमानी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *