गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ओडिशा: बालेश्वर में चार घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील

बालेश्वर : ओडिशा के बालेश्वर में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद सोमवार की आधी रात से बालेश्वर नगर पालिका क्षेत्र में लगाये गये कर्फ्यू में गुरुवार को सुबह सात बजे से 11 बजे तक चार घंटे की ढील दी गयी।
जिला प्रशासन ने लोगों को सब्जियां खरीदने और आवश्यक वस्तुओं की बिक्री करने के लिए समय देने के वास्ते कर्फ्यू में ढील दी। दो दिन तक लगातार कर्फ्यू के बाद दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलने पर लोग अपनी दैनिक जरूरत की चीजें, खासकर सब्जियां खरीदते देखे गये।
शहर में प्रवेश के सभी रास्तों को सील कर दिये जाने के कारण अधिकांश सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। इस दौरान इंटरनेट सेवा निलंबित रही और केवल लीज लाइन वाले लोगों को ही सेवा का उपयोग करने की अनुमति दी गयी।
अब तक दोनों समुदायों के 45 लोगों को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि कर्फ्यू दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए ओडिशा राज्य सशस्त्र पुलिस बल (ओएसएपी) की 34 प्लाटून के अलावा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की छह कंपनियां तैनात की गयी हैं। जिला कलेक्टर ने बताया कि शहर में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है।
सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने तथा जिला प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की है।
गौरतलब है कि शहर में उपद्रव सोमवार को तब शुरू हुआ, जब कुछ लोगों ने नाले में खून से सना पानी देखा और पुलिस को सूचना दी।घटना ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच शुरू झड़प हो गयी। जिला प्रशासन ने पहले तो उपद्रवग्रस्त इलाकों में अपराध दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी, लेकिन बाद में सोमवार देर रात को भीड़ द्वारा एक दुकान में आग लगाने, घरों और एक धार्मिक ढांचे को नुकसान पहुंचाने के बाद कर्फ्यू लगाने पर मजबूर होना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *