कुजंगा/औल (ओडिशा) : स्मृति ईरानी ने शनिवार को ओडिशा में सत्तारूढ़ नवीन पटनायक सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार तमिलनाडु से रिमोट कंट्रोल से चल रही है।
जगतसिंहपुर जिले के कुजंगा और केंद्रपाड़ा जिले के औल में विजय संकल्प समावेश को संबोधित करते हुए श्रीमती ईरानी ने लोगों से भ्रष्ट और रिमोट नियंत्रित बीजू जनता दल सरकार को हटाने और इसके बदले केंद्र और राज्य दोनों में डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ओडिशा में विकास परियोजनाओं के लिए बहुत धन उपलब्ध करा रही है लेकिन तमिल रिमोट कंट्रोल, बीजद के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता धन लूट रहे हैं और आरोप लगाया कि बीजद माफिया राज्य की खदानें और पानी लूट रहे हैं।
श्रीमती ईरानी ने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार ने जल जीवन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत धन और पीएमएवाई के अंतर्गत घर उपलब्ध कराए थे, लेकिन पैसा कभी भी लक्षित और जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि अगर लोग वास्तव में विकास चाहते हैं, तो उन्हें भाजपा को वोट देना चाहिए और तमिल रिमोट कंट्रोल को तमिलनाडु वापस भेजना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद सरकार ने अपने 25 वर्षों के शासनकाल में महाकालपाड़ा, राजकनीला और पटकुरा में बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने केंद्रपाड़ा के लोगों को आश्वासन दिया कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद केंद्रपाड़ा में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की लोगों की पुरानी मांग पूरी की जाएगी। श्री जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की चाबी गायब होने का मुद्दा उठाते हुए, सुश्री ईरानी ने कहा कि भाजपा रत्न भंडार की गायब चाबियों की जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करेगी और इसमें शामिल लोगों का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में दिन में बालासोर के रेमुना में जनसभाओं को भी संबोधित किया।
तमिल रिमोट कंट्रोल से चल रही है ओडिशा सरकार
