भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को राज्य के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के संकटग्रस्त किसानों के लिए सहायता के रूप में लगभग दो सौ करोड़ रुपये तक खर्च करने की घोषणा की। श्री पटनायक ने कहा है कि पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। 64 प्रखंडो और 12 जिलों के 15 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबीएस ) की सूची में लगभग 2,63,560 हेक्टेयर फसल भूमि को 33 प्रतिशत या उससे अधिक की फसल का नुकसान हुआ है।
कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के तहत तकनीकी सलाहकार समिति के साथ राज्य सरकार द्वारा निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई और अनुसरण के बावजूद, अभी तक प्रभावित किसानों में से कई को अपनी फसल बीमा बकाया राशि प्राप्त नहीं हुई है।
स्थिति की गंभीरता, प्रभावित किसानों की मांगों और कलेक्टरों द्वारा फसल नुकसान की रिपोर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य के अपने संसाधनों से उन्हेंसहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) को धन की आवश्यकता प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है ताकि सहायता के तत्काल वितरण के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। अनुमान है कि किसानों के संकट को दूर करने के लिए लगभग दो सौ करोड़ रुपये का वितरण किया जाएगा।
