भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर में भड़की हिंसा के मद्देनजर इंटरनेट सेवाओं को और 24 घंटे के लिए बंद कर दिया है ताकि भड़काऊ संदेशों के प्रसार और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोका जा सके। कस्बे में गत 12 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर बजरंग दल और हनुमान जयंती समिति के सदस्यों की बाइक रैली के दौरान हिंसा हुई थी जिसमें दस पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए थे। जिला प्रशासन ने शुरू में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की थी, लेकिन बाद में गत 14 अप्रैल को ताजा हिंसा और आगजनी के मद्देनजर छह पुलिस थाना क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया था। पिछले 13 अप्रैल से इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, हालांकि कस्बे में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुनील बंसल ने रविवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की थी और कहा था कि कर्फ्यू वाले शहर से किसी भी तरह की हिंसा की कोई ताजा घटना नहीं हुई है और उन्हें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी। डीजीपी ने चेतावनी दी है कि हिंसा में शामिल और भड़काने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि हिंसा के सिलसिले में छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया है इसके साथ ही कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या 85 हो गयी है। इस बीच, जिला प्रशासन ने कस्बे में सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तक और फिर दोपहर 3.30 बजे से शाम छह बजे तक कर्फ्यू में ढील दी है।
