भुवनेश्वर : ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष प्रमिला मल्लिक ने शुक्रवार को सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी। गौरतलब है कि पांच फरवरी को शुरू हुए विस का बजट सत्र सात कार्य दिवसों के साथ 13 फरवरी तक चलने वाला था, लेकिन इसे पाँच कार्य दिवसों के बाद अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। राज्य के वित्त मंत्री बी के अरुख द्वारा गुरुवार को चार महीने के लिए लेखानुदान विस में प्रस्तुत किया गया था।
ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने पांच फरवरी को उद्घाटन सत्र को संबोधित किया था। विस में पांच दिवसीय सत्र के दौरान केवल एक स्थगन प्रस्ताव लिया गया। यह 16वीं विधानसभा का आखिरी सत्र था, क्योंकि ओडिशा में 2024 में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होंगे। सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से सदन के सभी सदस्यों के साथ एक ग्रुप फोटो सेशन का आयोजन किया गया।
सत्र के आखिरी दिन कुछ वरिष्ठ सदस्य भावुक थे क्योंकि उन्हें लगा कि यह सदन में उनके लिए आखिरी दिन है। कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा ने घोषणा की कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी सुरेश चंद्र राउत्रे ने भी घोषणा की कि वह 2024 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनके बजाय उनके दो बेटे चुनाव लड़ेंगे।
ओडिशा विधान सभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित
