भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि राज्य देश के तकनीक संसाधन केंद्र के रूप में उभर रहा है जिससे युवाओं के लिए रोजगार सृजित हो रहे हैं। श्री पटनायक ने गुरुवार को राजधानी भुवनेश्वर में फॉर्चून टावर्स में हैप्पीएस्ट माइंड्स आईटी डेवलपमेंट सेंटर का उद्घाटन किया। इस नवाचार केंद्र में 1000 से अधिक कर्मचारियों की जगह है जिसके जरिए कंपनी वैश्विक ग्राहकों को सेवा देने की क्षमता में वृद्धि कर रही है। इससे आने वाले वर्षों में स्थानीय क्षेत्र के प्रतिभाशाली इंजीनियरों को अवसर प्राप्त होंगे।
इस मौके पर श्री पटनायक ने आगे कहा,” ओडिशा ने पिछले कुछ वर्षों में आईटी क्षेत्र में बड़ी उन्नति की है। ओडिशा को निवेश के गंतव्य के रूप में देखने में आईटी कंपनियां का विश्वास बढ़ा है जिससे राज्य में इस क्षेत्र की रफ्तार बढ़ रही है।” श्री पटनायक ने भुवनेश्वर को आईटी क्षेत्र के लिए अनुकुल बताते हुए कहा कि बहुत सी आईटी कंपनियों ने राजधानी में निवेश किया है।
उन्होंने कहा, “सक्षम वातावरण, सुविधा सेवा और यहां उपलब्ध विशाल प्रतिभा ने ओडिशा को एक प्रतिष्ठित गंतव्य में बदल दिया है। हैप्पीएस्ट माइंड्स ग्लोबल आईटी डेवलपमेंट सेंटर का खुलना एक और परिभाषित अध्याय जोड़ता है जो राज्य में तेजी से बदलते आईटी पारिस्थितिकी तंत्र को दर्शाता है।”
इलेक्ट्रोनिक्स एंड आईटी विभाग के सचिव मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि नया विकास केंद्र कंपनी को डिजिटल परिवर्तन समाधान देने के लिए अपनी क्षमता का विस्तार करने में सक्षम करेगा जिससे कंपनी उद्यमों और प्रौद्योगिकियों के लिए निर्बाध ग्राहक अनुभव, व्यावसायिक दक्षता और कार्रवाई योग्य अंतर्दृष्टि प्रदान करेगी। हैप्पीएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजी के कार्यकारी चेयरमैन अशोक सूता ने कहा,”हम भुवनेश्वर में नया विकास केंद्र शुरू करने से बेहद प्रसन्न हैं।”
देश के तकनीक संसाधन केंद्र के रूप में उभरेगा ओडिशा
