चंडीगढ़ : मनोहर लाल ने सीएम विंडो पर दर्ज प्लॉट के अलॉटमेंट लेटर समय पर जारी न करने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुये शहरी स्थानीय निकाय, भिवानी के कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी और मुख्यालय पर सीएम विंडो की निगरानी कर रहे श्री भूपेश्वर दयाल ने कहा कि सरकार द्वारा जनता को सभी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्रदान करने के लिये अथक प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन कार्य में देरी करने को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार सख्ती बरती जा रही
है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गयी है।
श्री दयाल ने बताया कि अशोक कॉलोनी, भिवानी के निवासी श्री शंकर द्वारा सीएम विण्डो पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज करवायी गयी थी, जिसमें बताया गया कि वर्ष 1985 में बोली के तहत उसने नगर परिषद्, भिवानी से एक प्लॉट खरीदा था। उसने प्लॉट के मूल्य की एक चौथाई राशि तथा सिक्योरिटी का पैसा जमा करवा दिया था, लेकिन नगर परिषद् द्वारा उसे आज तक प्लॉट का अलाटमेन्ट लेटर जारी नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रार्थी प्लॉट की बकाया राशि भरने के लिए तैयार है, लेकिन 12 मई, 2022, चार अगस्त, 17 नवंबर, 2022 तथा पांच अक्टूबर, 2023 को बार-बार रिमाइंडर
जारी करने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्यवाही रिपोर्ट अपलोड नहीं की गयी। नगर परिषद् भिवानी के कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह बतौर प्रशासकीय कार्यभारी अधिकारी होने के कारण इस मामले में कार्रवाई करवाने की जिम्मेवारी उनकी बनती है। इसलिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस मामले में की गयी देरी के लिये जिम्मेवार शहरी स्थानीय निकाय, भिवानी के कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह को निलंबित कर दिया। साथ ही शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव को संबंधित मामले में कार्रवाई कर रिपोर्ट शीघ्रातिशीघ्र भिजवाने के भी निर्देश दिये हैं।
प्लॉट के अलॉटमेंट लेटर जारी न करने पर अधिकारी निलंबित
