गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चैत्र नवरात्र नवमी पर योगी आदित्यनाथ ने कन्याओं के पांव पखारे,कराया भोजन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि पर रविवार को नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे, उनका विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढाई, आरती उतारी, श्रद्धापूर्वक भोजन कराया, दक्षिणा और उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया और परम्परा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया।

मातृ शक्ति के प्रति अगाध श्रद्धा रखने वाले मुख्यमंत्री ने गोरक्षपीठ की परम्परा के अनुसार कन्या पूजन किया। सबसे पहले कुंवारी कन्याओं के पांव धोये। उनके माथे पर रोली, चंदन,अक्षत आदि का तिलक लगाया। चुनरी ओढ़ाकर उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने सभी कुंवारी कन्याओं व बटुकों की श्रद्धाभाव से आरती भी उतारी। पूजन के बाद इन कन्याओं को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद योगी ने अपने हाथों से परोसा। कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंचे बटुकों को भी श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दिया गया।

कन्या पूजन के अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कन्याओं व बटुकों से निरंतर स्नेहिल संवाद भी करते रहे। यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में भोजन प्रसाद की कोई कमी न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *