रतलाम : मध्यप्रदेश के रतलाम जिले की बिलपांक थाना पुलिस ने गुजरात के सूरत निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मादक पदार्थ एमडी ड्रग बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि बिलपांक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पीले रंग की टी शर्ट और काली जींस पहने एक व्यक्ति सातरुण्डा चौराहे पर रुनीजा रोड की तरफ खडा है। उसकी जेब में अवैध एमडी ड्रग मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रुनीजा रोड पर खडे उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर जब उसकी तलाशी ली, तो उसकी जींस की दाहिनी जेब में ग्यारह ग्राम मिथाइलीन डाईआक्सी मेथेमफेटामाईन (एमडीएमए) बरामद किया गया। बरामद एमडीएमए की कीमत करीब बाइस हजार रुपए बतायी गयी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी ने अपना नाम जावेद खान निवासी खजूरावाडी वरियाली बाजार सूरत (गुजरात) बताया। रतलाम पुलिस द्वारा ड्रग्स सप्लायर के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
