फतेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने शनिवार को जाखल रेलवे ओवरब्रिज के पास एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डेढ़ किलोग्राम अफीम बरामद की। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के शिवनगर निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई। ब्यूरो के उपाधीक्षक राज सिंह और फतेहाबाद प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक महावीर सिंह की टीम कड़ैल चौक जाखल में गश्त पर थी। उसने रेलवे ओवरब्रिज की सर्विस लाइन पर ओमप्रकाश को पैदल आते देखा। शक होने पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उससे प्लास्टिक लिफाफे में डेढ़ किलो अफीम बरामद हुई। इन्होंने बताया कि तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर उससे उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिये पूछताछ की जा रही है।
