भुवनेश्वर : ओडिशा में विशेष टॉस्क बल (एसटीएफ) ने ओटीपी शेयरिंग घोटाले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि असम के नागांव जिले के गंडुआ पथार के मोहम्मद एकबाल हुसैन को 19 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। उसे असम के नागांव में एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया और पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे भुवनेश्वर लाया गया। उसे भुवनेश्वर अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि एकबाल हुसैन अन्य आरोपी अभिजीत देशमुख और पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी खुर्रम उर्फ अब्दुल हामिद के भी संपर्क में था। वह कई व्हाट्सएप अकाउंट ओटीपी, टेलीग्राम अकाउंट ओटीपी और म्यूल/घोस्ट अकाउंट सीधे हामिद को बेचता था। मुख्य आरोपी पठानी सामंत लेंका और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद आरोपी मोहम्मद इकबाल हुसैन ने अपना फोन बंद कर दिया और भूमिगत हो गया। एकबाल ने अपना अपराध कबूल किया और कहा कि वह पिछले दो वर्षों से व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, फर्जी सक्रिय सिम, म्यूल और घोस्ट खातों के ओटीपी बेच रहा है और प्रति माह 50,000 रुपये से 60,000 रुपये कमा रहा है।
उन्होंने आगे खुलासा किया कि गंधुआ पथार गांव में लगभग सभी वयस्क पुरुष इस प्रकार के साइबर अपराध में शामिल हैं। हुसैन और उसके गांव के अन्य साइबर अपराधी आम तौर पर लगभग एक महीने तक सिम कार्ड/मोबाइल हैंडसेट का उपयोग करते हैं और फिर उन्हें नदी में फेंक देते हैं।
ओटीपी शेयरिंग घोटाले में एक गिरफ्तार
