नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर गुरुवार को गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन की दीवार का एक हिस्सा ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे मेट्रो स्टेशन की दीवार का एक हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गये। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक की मौत हो गयी।
अधिकारी ने बताया कि मलबा तुरंत हटा दिया गया। घटना के बाद डीएमआरसी के सिविल विभाग के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि डीएमआरसी ने मृतकों के परिजनों को 15 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि मौजपुर से शिव विहार तक के छोटे हिस्से पर सिंगल लाइन पर ट्रेन सेवाएं जारी हैं।
गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन की दीवार गिरने से एक की मौत, चार घायल
