गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आईओसी में बॉयलर फटने से एक की मौत, एक घायल

चेन्नई : तमिलनाडु के टोंडियारपेट में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) टर्मिनल पर बुधवार को इथेनॉल टैंक फटने से एक वेल्डर संविदा कर्मचारी की मौत हो गई और एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान संविदा कर्मी जी.पेरुमल (48) के रूप में हुई है। घायल कर्मचारी सरवनन को 60 प्रतिशत जली हालत में सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। आईओसी के अधिकारियों ने बताया कि इथेनॉल टैंकों के रखरखाव के दौरान छोटी सी आग लगने के कारण विस्फोट हुआ। घटना सुबह करीब 11.45 बजे हुई जब इलाके के निवासियों ने एक जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी।
दशकों पुराने टर्मिनल में दो इथेनॉल टैंक हैं जिनमें से प्रत्येक की क्षमता 50 हजार लीटर है। इथेनॉल को पेट्रोल के साथ मिश्रित किया जाता है। अग्निशमन सेवा के कर्मी चार अग्निशमन इकाइयों के साथ मौके पर पहुंचे और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कंपनी ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। मृतक लगभग 20 वर्षों से अनुबंध कर्मचारी था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि टर्मिनल किसी भी तरह से क्षतिग्रस्त नहीं हुआ है और शहर और उसके आसपास ईंधन की आपूर्ति के लिए काम करना जारी रखेगा। इस बीच, आईओसी ने कहा कि टोंडियारपेट में पीओएल टर्मिनल पर एक बड़ी टैंक आग त्रासदी टल गई। उसने एक बयान में, कहा कि इंडियन ऑयल ने आज सुबह अपने टोंडियारपेट पीओएल टर्मिनल पर एक टैंक में आग लगने की खेदजनक रिपोर्ट दी है।
बयान में कहा गया है कि दुर्भाग्यवश, आग पर काबू पाने के दौरान दो ठेका मजदूर झुलस गए और अफसोस की बात है कि एक मजदूर, श्री पेरुमल, की जलने के कारण घटनास्थल पर ही जान चली गई एवं दूसरे मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आईओसी ने दुर्घटना पर गहरा शोक और सहानुभूति व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की तत्काल अनुग्रह राहत की घोषणा की है।
बयान में कहा गया है कि घटना के मूल कारण का पता लगाने के लिए जांच टीम की सहायता के लिए प्रधान कार्यालय, मुंबई और क्षेत्रीय कार्यालय, चेन्नई से विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। सामान्य परिचालन फिर से शुरू होने से पहले आदमी और मशीन की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टीम द्वारा सभी संभव उपाय किए जाएंगे। बयान में कहा गया है कि वरिष्ठ प्रबंधन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है और ग्राउंड टीम को सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *