गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाला एक व्यक्ति गिरफ्तार

भुवनेश्वर : ओडिशा में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) भुवनेश्वर ने ऑनलाइन मल्टी लेवल मार्केटिंग के जरिए देश भर में हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगने के आरोप में महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू के सूत्रों ने यहां रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के लातूर निवासी विशाल सखाराम उत्कर को 30 मार्च को मुंडवा, पुणे से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पीसीएमसीएक अधिनियम, 1978 की धारा 5/6/, ओपीआडी अधिनियम, 2011 की धारा 6 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66 (सी)/66 (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी को स्थानीय छावनी अदालत, पुणे के समक्ष पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर भुवनेश्वर लाया गया, ताकि उसे ओपीआईडी कोर्ट, कटक में पेश किया जा सके। इस संबंध में नयापल्ली, भुवनेश्वर के दिव्यज्योति कर ने ईओडब्ल्यू से शिकायत की थी। कर ने अपनी शिकायत में कहा कि उसने एक व्यक्ति के माध्यम से एक व्हाट्सएप ग्रुप के साथ खुद को जोड़ा, जो क्रिप्टो माइनिंग का कारोबार करने वाली जीईटीएसओ नामक कंपनी के प्रबंधक के रूप में पहचाना जाता है। उच्च रिटर्न पाने के लिए उन्हें कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2022 से 24 दिसंबर 2022 की अवधि के दौरान उसने कंपनी में 1.27 लाख रुपए जमा किए। इसके बाद जीईटीएसओ व्हाट्सएप ग्रुप को बंद कर दिया गया और निकासी अनुरोधों को जीईटीएसओ द्वारा अनदेखा कर दिया गया।
शिकायत में उन्होंने बताया कि कंपनी ने देशभर के हजारों अन्य निवेशकों की तरह उसे भी धोखा दिया। ईओडब्ल्यू के सूत्रों ने कहा कि अकेले ओडिशा से सौ से अधिक निवेशक होंगे। कंपनी ने क्रिप्टो माइनिंग करने का दावा किया था, लेकिन पोंजी/ मल्टी-लेवल मार्केटिंग ऑनलाइन घोटाला चला रही थी।
सूत्रों के मुताबिक 25 अक्टूबर, 2022 को जीईटीएसओ ने घोषणा की कि वह क्रिप्टो-मुद्रा पर भारत सरकार से उच्च कराधान का दावा करते हुए भारतीय बाजार से हट रहा है। जांच के दौरान अब तक इस घोटाले में शामिल 144 करोड़ रुपये का पता चला है। कंपनी क्रिप्टो माइनिंग के नाम पर पोंजी स्कीम चला रही थी और पूरे भारत में संचालन कर ऑनलाइन मनी सर्कुलेशन चला रही थी। निवेशित धन की राशि और निवेशकों की संख्या जांच की प्रगति के साथ बढ़ेगी। निवेश की गई राशि में से नौ करोड़ रुपये गिरफ्तार अभियुक्त विशाल सखाराम उत्कर के खाते में स्थानांतरित किए गए पाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *