गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में ऊरनी मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खुला

शिमला : हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर ऊरनी मार्ग (ढांक) से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। जिला दण्डाधिकारी किन्नौर सुरिंदर सिंह राठौर ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राठौर ने आदेश जारी करते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर ऊरनी मार्ग (ढांक) से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अब बिना समय सीमा के नियमित रूप से 24 घण्टे होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग 05 पर ऊरनी मार्ग (ढांक) के समीप भूस्खलन हुआ था, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही का समय सुबह पांच बजे से शाम साढ़े आठ बजे तक निर्धारित किया गया था। वहीं, लाहौल प्रशासन ने हिमपात की वजह से सड़क और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए लाहौल और पांगी की ओर रुख करने वाले वाले यात्रियों के लिए जरूरी हिदायतें जारी की हैं।
उपायुक्त लाहौल स्पीति सुमित खिमटा ने बताया कि एनएच-तीन पर जमी हुई बर्फ (ब्लैक आइस फेनोमेनन) और फिसलन वाली सड़क की स्थिति को मध्य नजर रखते हुए केवल स्थानीय लोगों और पांगी की ओर जाने वाले फोर बाई फोर वाहनों और टायरों में चेन वाली सूमो गाड़ियों को सुबह नौ से पांच बजे तक ही अगले आदेश तक अटल टनल रोहतांग के माध्यम से जिला में प्रवेश करने की अनुमति प्रदान की गई है। लिहाजा इन परिस्थितियों को मध्य नजर रखते हुए पुलिस विभाग लाहौल एवं स्पीति यातायात प्रबंधन की देखरेख सुनिश्चित बनाएंगे और जिला कुल्लू पुलिस के साथ समन्वय भी स्थापित करेंगे।
उपायुक्त ने मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय लोगों को घाटी में यात्रा करते समय बहुत सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बर्फबारी के मामले में अनुरोध किया किया है कि सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ में सभी होटल और होमस्टे मालिकों से भी अनुरोध यह कि वे अपने मेहमानों को भी जरूरी हिदायतें अवश्य दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *