श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के घने जंगलों में आतंकवादियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का व्यापक अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस ने आज सुबह बताया कि कोकेरनाग के गडोले में सुरक्षा कर्मियों ने एक स्थानीय आतंकवादी उज़ैर खान सहित लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को घेर लिया है। पुलिस ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोंचक और उपाधीक्षक (डीएसपी) हुमायूं भट की अटूट वीरता को विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने इस अभियान का नेतृत्व करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। हमारी सेना ने उजैर खान सहित लश्कर के दो आतंकवादियों को घेर लिया है।”
अधिकारियों ने कहा कि अभियान को रात से समय में घना अंधेरा होने के कारण रोक दिया था, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए इलाके में कड़ी घेराबंदी की गई थी कि कोई भी आतंकवादी घेराबंदी से भाग ने सके। आज दिन की शुरुआत में तलाश अभियान फिर से शुरू हुआ और इस दौरान इलाके में छिटपुट गोलीबारी भी हुई है।
उल्लेखनीय है कि आज किसी आतंकवादी हमले की कोई रिपोर्ट नहीं है। पुलिस और सेना की एक संयुक्त टीम द्वारा कोकेरनाग के गडोले गांव में आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू करने के बाद मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि में गोलीबारी हुई थी। बुधवार को आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनप्रीत सिंह, उनके कंपनी कमांडर मेजर आशीष धोंचक (19 आरआर से) और पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं मुजामिल भट शहीद हो गए थे।सूत्रों ने कहा कि गोलीबारी में कुछ और सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं और अभियान के दौरान मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। सेना ने आज अपने शीर्ष दो अधिकारियों के शहीद होने की भी पुष्टि की है।
आतंकवादियों के खिलाफ जारी है अभियान
