गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विपक्ष की विश्वसनीयता नहीं बची : राजनाथ

नई दिल्ली : राजनाथ सिंह ने कहा है कि विपक्ष की कोई विश्वसनीयता नहीं बची है और वह विदेशों में जाकर देश की प्रतिष्ठा धूमिल करने की कोशिश कर रहा है।
श्री सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपना एक वीडियो साझा कर मोदी सरकार की पहले 100 दिनों की उपलब्धियों का जिक्र किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कुछ भी कहे सरकार को काम करना है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का एक जुनून है। सरकार उस लक्ष्य को हासिल करके रहेगी। उन्होंने कहा, “ यदि क्रिकेट की शब्दावली में कहें तो हमारी सरकार पहली गेंद से ही तेजी से भारत का स्कोर बढाने में लगी है वहीं विपक्ष वाइड और नो बॉल फेंकने में ही देश का कीमती समय और संसाधन बर्बाद कर रहा है। अब विपक्ष की विश्वसनीयता नहीं रह गयी है। दूसरे देशों में जाकर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यह एक विडंबना है।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि वह सरकार की सभी योजनाओं के बारे में यहां नहीं बता सकते लेकिन जहां तक रक्षा क्षेत्र का सवाल है सरकार भारत को रक्षा क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि रक्षा खरीद परिषद ने डेढ लाख करोड़ के रक्षा सौदों की खरीद को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि 500 से अधिक रक्षा उत्पादाें और उपकरणों को सरकार ने स्वदेशी सूची में डाल दिया है और ये उत्पाद देश में ही बनाये जायेंगे तथा इनका आयात नहीं किया जायेगा। तीन महीने में इसमें 300 से अधिक उपकरणों को और जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार भारत को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ रही है और पहले तीन महीनों से देश में यह स्पष्ट संदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *