सिरसा : हरियाणा के फतेहाबाद में पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की 109वीं जयंति के उपलक्ष्य में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के बैनर तले आयोजित ‘सम्मान समारोह’ में देशभर के विभिन्न क्षेत्रीय सियासी दलों ने एकता की हुंकार भरी। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से दूर करने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य गठबंधन देश में बनेगा और एकमत से जितेगा।
इस गठबंधन के लिए सीपीएम एवं सीपीआई को भी साथ लेकर चलेंगे तथा कांग्रेस से भी अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में हिंदू-मुसलमान के नाम पर विवाद पैदा करना चाहती है जबकि हकीकत में इनमें कोई झगड़ा नहीं है। समारोह को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार, बिहार के उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सीताराम येचुरी, पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, जनता दल यू नेता केसी त्यागी, शिवसेना के अरविंद सांवत, रालोजपा के शेर सिंह राणा, ओम प्रकाश चौटाला सहित कई दिग्गज नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ,मेघालय के राज्यपाल सतपाल मलिक एवं जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के किसी कारणवश नहीं पहुंच पाने पर उनके संदेश इनेलो नेता अभय चौटाला ने पढक़र सुनाए। श्री नीतिश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनता से किया एक भी वायदा नहीं निभाया है, इसलिए 2024 में भाजपा का पुन:सत्ता में आना संभव नहीं है।
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने किसान एवं देश की सेवा के लिए जिंदगी दे दी। देश को कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सर छोटू राम एवं चौ.देवीलाल जैसे नेताओं ने किसान का दर्द समझकर काम किया। हरियाणा-पंजाब के किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर संघर्ष किया मगर केंद्र ने मसला हल नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में इस हुकुमत से बदलाव लाने का मौका है इसलिए सब एकजुट होकर काम करें। अंत में पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने सभी नेताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि चौधरी देवीलाल के सपनों को साकार करने के लिए हमें काम करना होगा।
देवीलाल जयंति पर विपक्षी दलों ने भरी एकता की हुंकार
