दमोह : अरुण यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हर क्षेत्र में कमीशन खाने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि पिछले 18 वर्षों के भाजपा कार्यकाल में भ्रष्टाचार का माहौल व्याप्त हो गया है और ऐसी सरकार को अब उखाड़ फेंकें। यादव कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा के सिलसिले में यहां आए थे। इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा शासन का 18 वर्षों का कार्यकाल भ्रष्टाचार और अराजकता के माहौल वाला रहा है।
हर क्षेत्र में 50 प्रतिशत कमीशन लेने वाली भाजपा की सरकार को अब जन आशीर्वाद नहीं बल्कि माफी यात्रा निकालनी चाहिए, क्योंकि इस सरकार ने जो प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है, वह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जो घोषणाएं की जा रही हैं, उनका आम जनमानस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। कांग्रेस की 18 महीने की सरकार में हर वादा पूरा किया गया।
कांग्रेस जो वचन देगी, उसे पूरा अवश्य करेगी। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और उनके बीच मतभेद की अफवाहों को यादव ने खारिज करते हुए कहा कि ये सब मनगढ़ंत बातें हैं। ये तो भाजपा में हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में किसी नेता की किसी दूसरे से नहीं बन रही है। उन्होंने बताया कि 13 दिन की यह जनआक्रोश यात्रा बुंदेलखंड में गांव-गांव जाएगी, जिसकी शुरुआत गणेश चतुर्थी पर्व से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर से की गई है।
