चंडीगढ़ : हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लालचन्द कटारूचक्क से अनाज मंडियों में धान खरीद की प्रक्रिया को 15 दिन और बढ़ाने की मांग की है। बैंस ने कहा कि रोपड़ जि़ले, विशेषकर विधानसभा हलका आनन्दपुर साहिब में गत माह आयी बेमौसम बाढ़ के कारण किसानों की धान की फ़सल पूरी तरह से बर्बाद हो गयी थी, जिस कारण किसानों द्वारा धान की फ़सल की दोबारा बिजायी की गयी है, जिसको तैयार होने में अभी 10 दिन और लग जायेंगे। उन्होंने कहा कि उसके बाद कटायी और छटायी के लिये भी तीन-चार दिन लग जायेंगे।
इसलिये खरीद प्रक्रिया सम्बन्धी तय समय-सीमा के अनुसार आखिरी तारीख़ में 15 दिन की वृद्धि करने की माँग की गयी। जिन मंडियों को विशेष रूप से 15 दिन अतिरिक्त खरीद करने की मंजूरी माँगी गयी है, उनमें अगंमपुर, हाजीपुर, कीरतपुर साहिब, नंगल, घनौली, महैण, अजौली और भरतगढ़ की मंडियाँ शामिल हैं। खाद्य मंत्री लाल चंद कटांरूचक्क द्वारा हरजोत सिंह बैंस को आश्वासन दिया कि उक्त मंडियों को 15 दिन और खरीद प्रक्रिया जारी रखने के लिये जल्द ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया जायेगा।
