सिरसा : हरियाणा के सिरसा के उपमंडल डबवाली के बस अड्डा के समीप मंगलवार को चौटाला रोड़ पर शर्मा स्वीटस एवं गेस्ट हाउस में रंग रोगन का काम कर रहे दो पेंटर युवा मजदूरों की बिजली का करेंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई जबकि उनके साथ काम कर रहे तीन अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने डबवाली के नागरिक अस्पताल में दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। डबवाली शहर थाना पुलिस ने मृतक आकाश के भाई सन्नी के बयान के आधार पर शर्मा स्वीट्स एवं गेस्ट हाऊस के मालिक राकेश शर्मा के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है।
डबवाली शहर थाना के जांच अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि किलीयांवाली जिला मुक्तसर (पंजाब) के आकाश व सन्नी नामक दो युवक शर्मा स्वीट्स एवं गेस्ट हाऊस पर पिछले कई दिनों से रंग रोगन करने का काम कर रहे थे। हर रोज की तरह आज जब काम पर आए तो गेस्ट हाऊस पर लगे साइन बोर्ड को रंग करने के लिए हटाया जा रहा था कि यह बोर्ड यकायक ऊपर सेे गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की बिजली तार के संपर्क में आ गया जिससे सोनू व आकाश बुरी तरह झुलस गए जबकि वहां काम कर रहे अन्य मजदूर विजय, शंभू व चीमन लाल ने भाग कर जान बचाई। इस ह्दयविदारक हादसे के बाद वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पाकर पुलिस मौका पर पहुंची ओर दोनों झुलसे युवकों को कब्जा में लेकर डबवाली के सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का अस्पताल में रो-रो कर बुरा हाल था। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं। जांच अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि मृतक आकाश के भाई सन्नी के बयानों के आधार पर शर्मा स्वीटस एवं गेस्ट हाउस के संचालक राकेश शर्मा के खिलाफ लापरवाही बरतने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनों के अनुसार दोनों मृतकों के दो-दो बच्चे हैं।
बिजली के करेंट से दो युवा पेंटरों की दर्दनाक मौत
