गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पाक रेंजर्स ने मृत घुसपैठिए के शव को स्वीकार किया

श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में श्रीकरणपुर सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की हरमुख सीमा चौकी क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते हुए मारे गए पाकिस्तानी घुसपैठिए के शव को आज देर शाम पाक रेंजर्स के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक देर शाम को हरमुख सीमा चौकी के नजदीक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ और पाक रेंजर्स में फ्लैट मीटिंग हुई। इसमें पाक रेंजर्स ने शव लेने पर सहमति व्यक्त की, जिस पर श्रीकरणपुर के सरकारी अस्पताल में सुरक्षित रखे हुए शव को बॉर्डर पर ले जाया गया।

शव पाक रेंजर्स के सुपुर्द करने की औपचारिकता पूरी की गई। सूत्रों के मुताबिक मृतक व्यक्ति पाकिस्तान के बहावलनगर जिले का निवासी था। वह भटकते हुए गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में आ गया था। करीब 40 वर्षीय मृतक बैसाखी के सहारे चलता था। उसके एक पांव में कोई चोट लगी हुई थी। इस पांव पर टांके लगे हुए थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी हादसे में उसकी टांग की हड्डी टूट गई और ऑपरेशन कर स्टील रोड लगाई गई हो। मृतक के पास 10 रुपए का पाकिस्तानी नोट,दवा की गोलियों का एक पत्ता, सिगरेट की डिब्बी,लाइटर, जर्दा-चूना, माचिस और एक कागज के टुकड़े पर उर्दू में कुछ लिखा हुआ मिला।
गौरतलब है कि बीएसएफ के जवानों ने रविवार-सोमवार की रात्रि लगभग 12 बजे हरमुख सीमा चौकी के समीप अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर तारबंदी के नजदीक आए इसको रोकने के लिए ललकारा। जब वह नहीं रोका तो उन्होंने फायरिंग कर दी। जानकारी के मुताबिक 12 राउंड फायर किए गए। एक गोली संदिग्ध के चेहरे पर लगी और वह ढेर हो गया। उसके पास कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *