चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने फरीदकोट जिले के भाग सिंह वाला गांव के पंचायत सचिव गुरप्रीत सिंह और इसी गांव की सरपंच सिमरनीत कौर के पति गुरप्रीत सिंह को शिकायतकर्ता हरबंस सिंह से 5000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो के प्रवक्ता ने शनिवार को यहां बताया कि हरबंस सिंह ने ब्यूरो को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी बीपीएल परिवारों को नये घर बनाने के लिए सरकारी योजना के अंतर्गत उसकी माता के नाम पर मंज़ूर अनुदान की तीसरी किस्त जारी करने को लेकर 10,000 रुपए की रिश्वत माँग रहे हैं। शिकायत के आधार पर ब्यूरो की फ़िरोज़पुर टीम ने जाल बिछा कर दोनों आरोपियों को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5000 रुपए लेते हुये रंगे हाथों दबोच लिया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के ब्यूरो के फिरोज़पुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
