गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ग्रामीण आंचल में पंचायत खेल फिर से शुरू होंगे

चंडीगढ़ : मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि ग्रामीण आंचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गांव, खंड और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा इसके लिए, पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद इन खेलों का आयोजन करेंगी।
खट्टर ने यह घोषणा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती पर विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली द्वारा टोहाना के बिढ़ाई खेड़ा गांव में आयोजित मधुर मिलन समारोह और प्रगति रैली के दौरान की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में 12 प्रकार के खेल होंगे। उन्होंने इसके अलावा, फतेहाबाद जिले के टोहाना उपमंडल के रसूलपुर गांव में मेडिकल कॉलेज खोलने तथा जाखल में नर्सिंग कॉलेज खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि टोहानावासियों को आज कुल 580 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। इनमें से 272 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। राजकीय महाविद्यालय, टोहाना को शहर की सीमा से बाहर स्थापित करने की घोषणा करते हुऐ कहा कि जहां कहीं भी 15-20 एकड़ जमीन उपलब्ध होगी, वहां इसे स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत तीसरी सरकार होती है और इन स्थाई सरकारों को हमने कई अधिकर दिए हैं। पिछली सरकारों ने तो पंचायतों की ओर ध्यान नहीं दिया लेकिन उनकी सरकार ने पंचायतों को विकास कार्य खुद कराने का अधिकार दिया है। पैसा पंचायतों का है, जैसे चाहे खर्च करो। प्रस्ताव पारित करें और अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराएं। आगे भी अधिकार बढ़ाना होगा या पैसा बढ़ाना होगा, तो जैसे ही मांग आएगी, बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों को वित्तीय रूप से सशक्त करने के लिए अब स्टाम्प ड्यूटी का दो प्रतिशत हिस्सा भी पंचायतों को देने की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष के अंतिम तिमाही में गांवों में विकास कार्यों के लिए पंचायतों को 1100 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। पंचायतों को मजबूत करने के लिए अंतर जिला परिषद भी गठित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *