कोझिकोड : केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा ( एलडीएफ) के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने पार्टी के कोयिलैंडी शहर के स्थानीय सचिव पीवी सत्यनाथन की हत्या के विरोध में शुक्रवार को नगर पालिका और आसपास की चार पंचायतों में सुबह से शाम तक बंद का आह्वान किया है। अरिकुलम, कीझारियूर, चेंगोट्टुकावु और चेमनचेरी पंचायत क्षेत्र में बंद प्रभावी रहेगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार निजी दुश्मनी के कारण श्री सत्यनाथ (64) की कल रात चाकू से हमला करके हत्या कर दी गयी थी।पुलिस ने नेता के पड़ोसी अभिलाष (33) को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी माकपा की पेरुवत्तूर शाखा समिति का पूर्व सदस्य भी है और वह कोयिलैंडी नगर पालिका में अस्थायी ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था।
पेरुवत्तोर चेरियापुरम पारादेवथा मंदिर परिसर में मंदिर समिति आयोजित कल रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था।इस बीच रात करीब 10 बजे अभिलाष ने श्री सत्यनाथन पर पीछे से चाकू से हमला किया। नेता की गर्दन और पीठ पर गहरी चोटें आईं। उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने दावा किया कि घटना के बाद अभिलाष ने आत्मसमर्पण कर दिया और अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि उसकी नेता के साथ निजी दुश्मनी थी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इससे पहले पार्थिव शरीर को कोयिलैंडी के टाउन हॉल में रखा जाएगा ताकि लोग दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें।अंतिम संस्कार आज शाम कोयिलैंडी में किया जायेगा।
माकपा नेता की हत्या के विरोध में पार्टी ने बंद का किया आह्वान
