जयपुर : भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों के शिलान्यास एवं अन्य कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के तहत जयपुर के सांगानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और प्रधानमंत्री का इन सौगातों के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में रेलवे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है । आधुनिकीकरण के साथ-साथ रेलवे में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही है जिससे आमजन को राहत मिल रही है। शर्मा ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत स्टेशन की चर्चा विश्वभर में हो रही है। भारतीय रेलवे ने नई रेलवे लाइनों के निर्माण, हाई स्पीड ट्रेनें, स्वच्छता एवं डिजिटलाइजेशन के लिए किए गए नवाचारों से नया मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि सांगानेर को विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन बनाने के लिए 192 करोड़ रूपए की लागत से पुनर्विकास की योजना बनाई गई है। इसके तहत सांगानेर स्टेशन पर रेलवे लाइन की संख्या तीन से बढ़ाकर पांच की जाएगी। साथ ही स्टेशन पर टिकट, पार्सल ऑफिस, रिटायरिंग रूम, कॉनकॉर्स एरिया, मुख्य प्रवेश बिल्डिंग का उन्नयन, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज मय लिफ्ट, प्लेटफॉर्म और शेड आदि के विकास कार्य भी प्रस्तावित है। इन सभी सुविधाओं से सांगानेर स्टेशन पर यात्रियों की आवक में वृद्धि होगी तथा आस-पास के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर लम्बे रूट की गाड़ियों की कनेक्टिविटी में भी वृद्धि होगी और यात्री लम्बी दूरी की यात्रा सुगमता से कर पाएंगे।
सांगानेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद सीपी जोशी एवं रामचरण बोहरा, जयपुर ग्रेटर मेयर सौम्या गुर्जर, विधायक गोपाल शर्मा एवं कुलदीप धनखड़ सहित जनप्रतिनिधि तथा रेलवे के उच्चाधिकारी मौजूद थे।
सांगानेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
