गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटेल ने किया ज्ञान संगम पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ

वडोदरा : भूपेंद्र पटेल ने सरकारी विद्यालयों को गुणवत्तायुक्त बनाने के लिए ज्ञान संगम पायलट प्रोजेक्ट का शनिवार को यहां शुभारंभ कराया।
पटेल ने आज वडोदरा शहर तथा ज़िले के निजी विद्यालयों के साथ मिलकर सरकारी विद्यालयों में उसकी बेस्ट प्रैक्टिस का आदान-प्रदान करने की राज्य के शिक्षा विभाग की पहल ज्ञान संगम पायलट प्रोजेक्ट का कवि दुला भाया काग प्राथमिक विद्यालय से शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री कुबेरभाई डिंडोर तथा विधानसभा के मुख्य सचेतक बालकृष्ण शुक्ला भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आत्मनिर्भर (निजी) विद्यालयों के संचालकों तथा सरकारी विद्यालयों के बीच एक्सप्रेस ऑफ़ इंटरेस्ट (ईओआई) किए गए। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि दान में सर्वश्रेष्ठ दान विद्यादान है। विद्या सदैव बांटने से बढ़ती है। समाज में शिक्षा की व्यापकता बढ़ेगी, तभी समाज आगे बढ़ सकता है। पिछले दो दशकों में राज्य के शिक्षा विभाग के सर्वग्राही प्रयासों के परिणामस्वरूप ड्रॉप आउट रेशियो भी घटा है। उन्होंने कहा कि ज्ञान संगम प्रोजेक्ट से सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बीच शिक्षा के आदान-प्रदान के लिए आज सुगम समन्वय हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसके सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
वहीं, शिक्षा मंत्री कुबेरभाई डिंडोर ने ईओआई के लिए निजी विद्यालय संचालकों को विशेष अभिनंदन देते हुए कहा कि संस्कार नगरी की धरती से शुरू हुआ यह पायलट प्रोजेक्ट आगामी समय में शिक्षा क्षेत्र में स्वर्ण युग लाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह प्रोजेक्ट वटवृक्ष बन कर समग्र राज्य में अपनी जड़ें फैलाएगा। उन्होंने कहा कि शैक्षिक आदान-प्रदान सामाजिक परिवर्तन लाएगा। उन्होंने विश्वासपूर्वक कहा कि राज्य की शिक्षा उत्तम से सर्वोत्तम की ओर आगे बढ़ रही है। शिक्षा क्षेत्र में विकास के लिए सरकार तत्पर है। उन्होंने ज्ञान संगम प्रोजेक्ट को समाज के लिए बड़ी पूंजी बताया।
डिंडोर ने ज्ञान संगम प्रोजेक्ट के अंतर्गत वडोदरा में 300 से अधिक विद्यार्थियों वाले शहर के 60 और ज़िले के 83 सहित कुल 143 सरकारी प्राथमिक विद्यालय चिह्नित विद्यालय के रूप में शामिल किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट में वडोदरा शहर के 29 तथा ग्रामीण (ज़िले) के 28 सहित कुल 47 निजी विद्यालय सहयोग देंगे। इससे वडोदरा शहर के 27,480 तथा ज़िले के 33,638 सहित कुल 61,127 विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों के श्रेष्ठ शिक्षकों के ज्ञान का लाभ मिलेगा। ज्ञान संगम प्रोजेक्ट का मूल विचार ज़िला कलेक्टर अतुल गोर का है। ज़िले के स्कूलों में उनके दौरे के दौरान कई सरकारी स्कूलों में बहुत अच्छा शिक्षा कार्य होता देखने को मिला, तो ऐसी ही अच्छी शिक्षा पद्धति निजी विद्यालयों में भी देखने को मिलती है। जिस प्रकार एक राज्य अन्य राज्य की जनता की कल्याण योजनाओं को ज्यों की त्यों स्वीकार करता है, उसी प्रकार ज्ञान संगम प्रोजेक्ट में निजी व सरकारी विद्यालयों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के संबंध में ज्ञान का आदान-प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल में निजी विद्यालयों के शिक्षक चिह्नित सरकारी विद्यालयों का समय-समय पर दौरा करने के साथ गणित, विज्ञान एवं अंग्रेज़ी भाषा के शिक्षकों के साथ संवाद कर श्रेष्ठ शिक्षा पद्धति पर मार्गदर्शन देंगे। इतना ही नहीं, चिह्नित विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा होने वाले शिक्षा कार्य, सह-आभ्यासिक एवं सर्वांगीण विकास गतिविधियों का अवलोकन करने के अतिरिक्त विद्यालय परिवार के साथ विचार-विमर्श कर मार्गदर्शन दिया जाएगा। चिह्नित विद्यालयों के विद्यार्थी निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ तादाम्य बना सकें, भावावरण एवं सुविधाओं से परिचत हों, इसके लिए विद्यार्थियों द्वारा ज्ञान का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।
समारोह के आरंभ में सभी का स्वागत करते हुए ज़िला कलेक्टर अतुल गोर ने कहा कि माँ नर्मदा के तट पर बसा वडोदरा ज़िला भी वडोदरा शहर की भाँति संस्कारी ज़िला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आरंभ हुआ ज्ञान संगम प्रोजेक्ट परिणामोन्मुखी दिव्यता दिलाएगा। अंत में ज़िला शिक्षा अधिकारी राकेश व्यास ने आभार ज्ञापन किया। इस अवसर पर ज़िला पंचायत अध्यक्ष अशोकभाई पटेल, महापौर व विधायक केयुरभाई रोकडिया, विधायक सर्वश्री मनीषाबेन वकील, शैलेषभाई मेहता, केतनभाई ईनामदार, चैतन्यभाई देसाई, धर्मेन्द्रसिंह वाघेला, शहर के अग्रणी भार्गवभाई भट्ट, शहर भाजपा अध्यक्ष डॉ. विजयभाई शाह, ज़िला भाजपा अध्यक्ष अश्विनभाई पटेल, ज़िला पंचायत की शिक्षा समिति के अध्यक्ष अश्विनभाई पटेल, महानगर पालिका की नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के अध्यक्ष हेमांगभाई जोशी, मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि, ज़िला विकास अधिकारी (डीडीओ) डॉ. राजेन्द्र पटेल, निजी विद्यालयों के संचालक, शिक्षाविद, आचार्य, शिक्षक, नगरसेवक सहित अग्रणी एवं नगरजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *