गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटेल ने कराया वडोदरा मैराथन का शुभारंभ

वडोदरा : भूपेंद्र पटेल ने रविवार को वडोदरा मैराथन के दसवें संस्करण का शुभारंभ कराते हुए कहा कि वडोदरा के नगरजनों का मैराथन के प्रति उत्साह अदम्य है। पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की जो मैराथन चल रही है, उसमें जन-जन सहभागी बने हैं। उन्होंने कहा कि इस विकास में विश्वास का प्रतिबिंब हाल ही में आयोजित हुए चुनावों के परिणामों में उनके नेतृत्व को मिले प्रचंड जनसमर्थन से देखने को मिला है। हम इसका ऋण स्वीकार करते हैं। गुजरात के विकास के प्रति हमारा दायित्व भी अब दुगुना हो गया है।
फ़िट इंडिया के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य के लिए वडोदरा के नगरजनों की इस मैराथन में उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखकर मुख्यमंत्री अभिभूत हुए। उन्होंने कहा कि वडोदरा के नगरजनों का मैराथन के प्रति उत्साह अदम्य है। ठंड के मौसम में बिस्तर से बाहर निकलने का मन नहीं होता है। ऐसे समय में इतनी बड़ी संख्या में लोग मैराथन में भाग ले रही हैं। यह बात ही नागरिकों की अपने स्वास्थ्य एवं स्वस्थता के प्रति आकांक्षा को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दी गई स्वस्थ भारत की संकल्पना ऐसी मैराथन के माध्यम से साकार हो रही है। उन्होने अपेक्षा व्यक्त की कि यही स्वस्थ भारत-फ़िट इंडिया मूवमेंट आगामी दिवसों में गुजरात व समग्र देश में और व्यापक बनेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने वडोदरा मैराथन के 10वें संस्करण का हरी झंडी दिखा कर प्रारंभ कराया। बैण्ड की धुन के बीच मैराथन प्रारंभ होते ही मुख्य मंच के सामने से गुज़र रहे धावकों-खिलाड़ियों ने हर्षनाद के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने इन धावकों का भावपूर्वक अभिवादन स्वीकार किया।
इससे पहले वडोदरा ज़िला प्रभारी गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने पूर्ण मैराथन का प्रारंभ कराया और स्वयं भी मैराथन दौड़ लगाई। वडोदरा मैराथन सर्वसमावेशी भी बनी। इस बार की महादौड़ के लिए लगभग 62 हज़ार नागरिकों ने पंजीकरण कराया, तो दिव्यांगों की दौड़ भी आकर्षण का केन्द्र बनी। कुछ धावक एस्थेटिक पैर के साथ भी दौड़े, तो कुछ दिव्यांग ट्राइसिकल, बैसाखी के साथ दौड़े। उनका उत्साह वास्तव में प्रशंसनीय था। बच्चे से लेकर बड़े-बूढ़े सभी इस महादौड़ में सहभागी बने।
इस अवसर पर महापौर केयुरभाई रोकडिया, मुख्य सचेतक बालूभाई शुक्ल, सांसद श्रीमती रंजनबेन भट्ट, विधायक सर्वश्री योगेशभाई पटेल, मनीषाबेन वकील, चैतन्यभाई देसाई, अग्रणी विजयभाई शाह, आयोजक संस्था की सुश्री तेजलबेन अमीन, समीरभाई खेरा के अलावा ज़िला कलेक्टर अतुल गोर, महानगर पालिका आयुक्त बी. एन. पाणि सहित अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *