गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पटेल ने श्री साईधाम सनातन मंदिर का किया शिलान्यास

अहमदाबाद : भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद के थलतेज में निर्मित होने वाले श्री साईधाम मंदिर का सोमवार को शिलान्यास किया और अहमदाबाद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नगरजनों को शुभकामनाए भी दी। पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हमारे तीर्थक्षेत्रों, सनातन संस्कृति के आस्था के केन्द्रों का विकास हो रहा है। शास्त्रों में हमारे तीर्थक्षेत्रों की दिव्यता का जो वर्णन है, वैसी ही दिव्यता को पुनर्स्थापित करने के लिए वे प्रयासरत हैं। उन्होंने अहमदाबाद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नगरजनों को शुभकामनाएँ देने के साथ ही वीर सावरकर तथा कवि नर्मद की पुण्यतिथि पर उनका पुण्य स्मरण कर आज के दिन को अनूठा बताया। उन्होंने कहा कि आज के दिन को वीरता का दिवस भी कहा जा सकता है। उन्हाेंने कहा कि आज ही के दिन भारतीय वायुसेना ने बालाकोट एयरस्ट्राइक कर आतंकवादियों को मुँहतोड़ जवाब दिया था। इस मौके पर महंत मोहनदासजी महाराज तथा पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिनभाई पटेल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के करकमलों से जब निर्मित होने वाले मंदिर का भूमिपूजन किया गया, तब वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी भक्तों ने ‘जय श्री राम’ का जयघोष किया। श्री पटेल ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई और हम सबने उसे देखा। यह सौभाग्य की बात है। आज देश में एक ओर संस्कृति की पुनर्स्थापना हो रही है और दूसरी ओर एयरपोर्ट, एम्स निर्माण जैसे भव्य विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने साईधाम मंदिर के शिलान्यास अवसर पर उपस्थित सभी भक्तों को शुभकामनाएँ दीं।
पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिनभाई पटेल ने इस अवसर पर मंदिर निर्माणार्थ राज्य सरकार एवं गुजरात पवित्र यात्राधाम विकास बोर्ड (जीपीवायवीबी) की ओर से प्राप्त सहायता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का आभार व्यक्त किया।
समारोह में महामंडलेश्वर दिलीपदासजी महाराज, पीठाधीश्वर स्वामी अविचलदासजी महाराज, चैतन्य शंभू महाराज, अहमदाबाद के उप महापौर जतिनभाई पटेल, मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांगभाई दाणी, स्थानीय पार्षदगण और बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे तथा समग्र वातावरण भक्तिमय बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *