गांधीनगर/सिंगापुर : भूपेंद्र पटेल गुजरात शिष्टमंडल के साथ अपना जापान दौरा पूरा कर शुक्रवार को सिंगापुर पहुंचे। सरकारी सूत्रों के अनुसार पटेल ने अपने सिंगापुर दौरे की शुरुआत सिंगापुर के व्यापार एवं उद्योग मंत्री गण किम योंग के साथ मुलाकात बैठक से की। इस दौरे का आयोजन वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 के प्रमोशन और आगामी समिट में सिंगापुर की भागीदारी को प्रेरित करने के लिए किया गया है।
इसके बाद उन्होंने सिंगापुर के मौद्रिक प्राधिकरण के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) सोपनेन्दु मोहंती तथा सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (एसबीएफ) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कोक पिंग सून, और एसबीएफ के तहत दक्षिण एशिया बिजनेस ग्रुप के उपाध्यक्ष प्रसून मुखर्जी एवं प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की।
पटेल के नेतृत्व में उच्च स्तरीय शिष्टमंडल ने सिंगापुर के व्यापार एवं उद्योग मंत्री श्री गण किम योंग के साथ मुलाकात के दौरान सिंगापुर और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार-वाणिज्य और निवेश के संबंध में चर्चा की। इस अवसर पर भूपेंद्र पटेल ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए विजन को साकार करने में गुजरात अग्रणी राज्य है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गुजरात का विकास का रोल मॉडल बना है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गुजरात में नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, सेमीकंडक्टर, खाद्य प्रसंस्करण और डेयरी उत्पाद जैसे उभरते क्षेत्रों में पूंजी निवेश आकर्षित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने गुजरात के लॉजिस्टिक सेक्टर की उपयोगिता के संदर्भ में कहा कि ग्लोबली कनेक्टेड मल्टीपल लोकेशन्स और लंबी तटरेखा के कारण गुजरात भारत के लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने सिंगापुर के व्यापार एवं उद्योग मंत्री को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में भाग लेने के लिए आमंत्रण दिया।
सिंगापुर के मंत्री श्री गण किम योंग ने बैठक के दौरान कहा कि भारत में विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और सिंगापुर की कंपनियां भारत सरकार के सहयोग से काम करने को तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि सिंगापुर को दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में फ्रूट, वेजिटेबल और डेयरी उत्पादों का हब बनाने के लिए गुजरात जैसे सक्षम राज्य के साथ सहयोग उनके लिए काफी फायदेमंद होगा। उन्होंने गुजरात शिष्टमंडल को सिंगापुर पोर्ट का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया साथ ही वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होने की तत्परता भी दिखाई।
भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में उच्च स्तरीय शिष्टमंडल ने सिंगापुर के मौद्रिक प्राधिकरण के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) सोपनेन्दु मोहंती के साथ भी बैठक की। इस बैठक में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास और गुजरात में निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा हुई। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में कार्यरत सिंगापुर की कंपनियों का सफल संचालन गुजरात- सिंगापुर के बढ़ते संबंधों का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने सोपनेन्दु मोहंती को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में हिस्सा लेने का आमंत्रण दिया।
पटेल ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (एसबीएफ) के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात-बैठक की। इस बैठक में एसबीएफ के सीईओ श्री कोक पिंग सून, एसबीएफ के अंतर्गत दक्षिण एशिया बिजनेस ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री प्रसून मुखर्जी और ब्लेकस्टोन सिंगापुर के श्री गौतम बनर्जी भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में एसबीएफ की सक्रिय भागीदारी का स्वागत किया। बैठक के दौरान हुई चर्चा में एसबीएफ के प्रतिनिधियों ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड-शो में भाग लेने की उत्सुकता दिखाई और उस संबंध में परामर्श भी किया। मुख्यमंत्री ने एसबीएफ के प्रतिनिधियों को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रण दिया। बैठक में उनके साथ मुख्य सचिव राज कुमार सहित गुजरात शिष्टमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
