भुवनेश्वर : नया और सशक्त ओडिशा के निमार्ण के लिए नवीन पटनायक ने मंगलवार को ‘मो ओडिशा नवीन ओडिशा” योजना शुरू की। पटनायक ने कहा कि यह योजना राज्य के हर गांव और हर पंचायत पर ध्यान केंद्रित करते हुए, बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी। क्योंझर और भद्रक जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से योजना की शुरुआत करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 6,794 ग्राम पंचायतों में 90,723 परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए कुल 3397 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत, प्रत्येक पंचायत को डिजिटल बुनियादी ढांचे के विकास, ओडिया संस्कृति को मजबूत करने और जगनाथ संस्कृति के संरक्षण के लिए 50 लाख रुपये मिलेंगे।श्री पटनायक ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य गांवों में डिजिटल बुनियादी ढांचे का विकास करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को इंटरनेट और बैंकिंग सेवा मिलेगी। इसके अलावा, गांव में साइंस पार्क, कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। गांव वर्क हब बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के प्राथमिक विद्यालयों को इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। यह युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों के लिए बहुत सारे अवसर लाएगा और एक आधुनिक, प्रगतिशील, सशक्त और सुसंस्कृत राज्य के रूप में ओडिशा की पहचान को और उज्ज्वल करेगा।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी से सहयोग मांगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि क्योंझर के छह विधानसभा क्षेत्रों और भद्रक के पांच विधानसभा क्षेत्रों के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बताया कि क्योंझर की 297 ग्राम पंचायतों में 3,568 परियोजनाओं के लिए 148.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए, जबकि भद्रक जिले की 218 पंचायतों में 3337 परियोजनाओं के लिए 109 करोड़ रुपये मंजूर किए गए।
पटनायक ने सशक्त ओडिशा के लिए योजना शुरु की
