चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मुक्तसर साहिब जिले के भुल्लर में तैनात पटवारी गुरप्रीत सिंह और उसके निजी सहायक कुलदीप सिंह को 18 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को यहां बताया कि आरोपियों को भुल्लर गांव निवासी गुरपाल सिंह की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है। गुरपाल सिंह ने ब्यूरो की मुक्तसर साहिब इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी ने उसके पिता की मौत के बाद विरासती ज़मीन उसके और भाई के नाम तब्दील करने के एवज में 18 हजार रुपए की रिश्वत माँगी थी।
पटवारी ने यह रिश्वत की रकम कुलदीप सिंह को देने के लिए कहा था। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद ब्यूरो की टीम ने जाल बिछा कर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों को शिकायतकर्ता से 18 हजार रुपए रिश्वत लेते माैके पर ही पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ ब्यूरो के बठिंडा रेंज थाने में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
