अमृतसर : शिरोमणि अकाली दल बादल के नेता गुरप्रताप सिंह टिक्का शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा ओ.बी.सी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरविंदर वड़ैच ने कहा कि अकाली दल में करीब 35 वर्षों की सेवाएं निभा रहे गुरप्रताप सिंह टिक्का द्वारा भाजपा में शामिल होने से पार्टी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा का दायरा विशाल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओ.बी.सी समाज का भाईचारा आने वाले सभी चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजय करेगा।
मोर्चे की टीम द्वारा गुरप्रताप सिंह टिक्का को फूलों के गुलदस्ते एवं सिरोपाओ भेंट करके सम्मानित किया गया। टिक्का ने कहा कि पंजाब के लोग भाजपा की नीतियों के दीवाने हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस को समर्पित सेवा पखवाड़े को लेकर 28 सितंबर 2023 को लगाए जाने वाले रक्तदान शिविर संबंधी चर्चा करते हुए शिविर को सफल बनाने के लिए रूपरेखा भी तैयार की गई।
