गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

खेल और खिलाड़ियों के प्रति बदला है लोगों का नजरिया

वाराणसी : योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि खेल के विकास को लेकर सरकार के प्रयासों के चलते हाल के वर्षों में खेल और खिलाड़ियों के प्रति लोगों का नजरिया बदला है। काशी के सिगरा में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुये श्री योगी ने कहा “ पिछले नौ साल के दौरान हमने पूरे देश में एक नई कार्य संस्कृति को देखा है। हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता ने देश में खेल और खिलाड़ियों को लेकर लोगों की धारणा में बदलाव किया है।

साथ ही साथ खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए हर जिले में खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना का कार्य, हर गांव में खेल मैदान, हर विकास खंड में मिनी स्टेडियम के निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वाराणसी में स्मार्ट सिटी के माध्यम से सिगरा स्टेडियम को री डेवलप किया जा रहा है। पहली बार बीसीसीआई की मदद से यूपी के इस तीसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी जा रही है।”
उन्होने कहा कि पिछले साढ़े 9 वर्ष के दौरान दुनिया की सबसे प्राचीन सांस्कृतिक आध्यात्मिक नगरी अविनाशी काशी में समग्र विकास हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काशी ने जिन ऊंचाइयों को छुआ है उसे देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज एक बार फिर अनेक उपहारों के साथ काशी आए हैं। पहली बार उत्तर प्रदेश में बीसीसीआई द्वारा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा “ जी-20 की अभूतपूर्व सफलता के उपरांत अनेक उपलब्धियों के साथ प्रधानमंत्री का आज उनकी अपनी काशी में आगमन हुआ है। जी-20 के दौरान ग्लोबल लीडर्स ने भारत के सामर्थ्य और शक्ति को नजदीक से देखा है। यही नहीं वसुधैव कुटुम्बकम के अनुरूप ग्लोबल लीडर्स की उपस्थिति में भारत की 140 करोड़ जनता ने देश को वैश्विक ताकत के रूप में उभरते हुए अनुभव किया है। ”
योगी ने पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सुनील गावास्कर, कपिल देव, गोडप्पा विश्वनाथ, सचिन तेंदूलकर, रवि शास्त्री, दिलीप वेंगसरकर, मदन लाल, गोपाल शर्मा, नीतू डेविड, शुभांगी कुलकर्णी का काशी में स्वागत करते हुए कहा कि इन सभी ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई प्रदान करने और क्रिकेट के जुनून को घर घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने बीसीसीआई चेयरमैन रोजर बिन्नी, सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का अभिनंदन करते हुए कहा कि इन सभी ने वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण में विशेष रुचि दिखाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *