जयपुर : राजस्थान में राज्य सरकार के साथ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की वार्ता के बाद पेट्रोलियम डीलर्स की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के साथ हुई वार्ता के बाद अपराह्न इसकी घोषणा कर दी गई। श्री खाचरियावास ने मीडिया को बताया कि पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वार्ता के बाद एसोसिएशन ने राज्य में पेट्रोल पंप डीलर्स की हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की है।
श्री खाचरियावास ने बताया कि राज्य में पेट्रोलियम पर वैट के आंकलन के लिए एक उच्च स्तरीय एंपावर्ड कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों के मध्य बनी सहमति के अनुसार उच्च स्तरीय एंपावर्ड कमेटी अपनी विस्तृत रिपोर्ट दस में प्रस्तुत करेगी। इस दौरान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में बुधवार और गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर पेट्रोल पम्प बंद रखकर राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार को अपनी बात मनवाने लिए सांकेतिक रूप से हड़ताल कर कहा था कि मांगें नहीं मानने पर शुक्रवार से अनिश्चिकालीन हड़ताल शुरू कर दी जायगी। इसके बाद अनिश्चतिकाल के लिए हड़ताल शुरु होने के बाद राज्य सरकार के साथ हुई वार्ता में सहमति बन जाने पर हड़ताल समाप्त हो गई।
