गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

भाजपा के राज में गांवों की तस्वीर बदली

देवास : कैलाश विजयवर्गीय ने आज कहा कि भाजपा के शासनकाल में गांव, गरीब और किसानों तक खुशहाली पहुंची है, शहरो के साथ ही गांव की तस्वीर बदली है। विजयवर्गीय देवास जिले के सांवेर विधानसभा के शिप्रा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सांवेर की जनता ने जिस आत्मीयता से स्वागत किया, जिस अपनत्व से स्वागत किया, उसे देख कर मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा की विराट विजय होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन काल में गांव, गरीब और किसान तक खुशहाली पहुंची है, शहरों के साथ साथ गांव की तस्वीर बदली है। आज गांव- गांव में सड़क, बिजली और पानी की सुविधा मिल रही है।
भाजपा महासचिव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से गांव की बहनों की जिंदगी बदलने का काम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। धरती से लेकर चांद तक तिरंगा लहरा रहा है। विजयवर्गीय ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान देवास में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को खत्म करने वाले खुद खत्म हो गए हैं।

जब तक भाजपा है किसी की ताकत नहीं की सनातन धर्म को खत्म कर सकें। बस आप चुनाव में चुनावी हिन्दू कांग्रेसियों और इंडी अलायंस से सावधान रहें और भाजपा को जितायें। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि भारत में नारियों के सम्मान का संस्कार और परंपरा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पारित कर मातृशक्ति को जो सम्मान दिया वो कांग्रेस ने कभी नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि हर माता बहनों के आंसू पोंछने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने उज्जवला योजना बनाई, जबकि कांग्रेस में कभी भी गरीब का दुःख दर्द महसूस नहीं किया। यही कारण है कि कांग्रेस ने जनता से अब वोट मांगने का अधिकार भी खो दिया है।गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जनता का आशीर्वाद लेने के लिए निकली है। वहीं कांग्रेस प्रदेश में जन आक्रोश यात्रा निकाल रही है, लेकिन खुद कांग्रेसियों को नहीं मालूम कि किस बात के लिए आक्रोश करना है। आशीर्वाद और आक्रोश में काफी अंतर है, हम विनम्रता का भाव लेकर मतदाताओं के पास जा रहे हैं, क्योंकि हमने जनता के लिए विकास के काम किये है और कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, जिस पर जनता आक्रोश निकाले।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है, लेकिन मध्यप्रदेश की जनता समझदार है। आने वाले चुनाव में जनता का विश्वास और आशीर्वाद दोनों भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा। श्री सांघवी ने कहा कि यात्रा में भारतीय जनता पार्टी को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है, जो आज हमने देखा है, वह भारतीय जनता पार्टी सरकार की नीतियों और योजनाओं की सफलता को दर्शाता है। श्री सांघवी ने सभा के दौरान जनता से भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की।
देवास सभा में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, विक्रम सिंह पवार, सुभाष शर्मा, नंदकिशोर पाटीदार, महापौर गीता अग्रवाल, नरेंद्र सिंह एव सांवेर सभा में यात्रा में जिला प्रभारी रायसिंह सेंधव, यात्रा प्रभारी घनश्याम नारोलिया, जिला उपाध्यक्ष भारत सिंह चिमली, दिलीप सिंह चौधरी आदि पार्टी नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *