गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रामगढ़ बांध को ईसरदा बांध से भरने की योजना

जयपुर : राजस्थान में जयपुर जिले के रामगढ़ बांध को भरने के लिए ईसरदा बांध से पानी लाये जाने की योजना है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र स्थित भानपुर कलां गांव में महंगाई राहत कैम्प एवं प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन करने के बाद विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि बीसलपुर से पानी लाकर रामगढ़ बांध को भरने पर भी राज्य सरकार विचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि ईसरदा बांध से जमवारामगढ़ में पानी लाने के लिए डीपीआर बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अधिकारियों को सर्वे करने के निर्देश दिये गए है। मुख्यमंत्री ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को पूर्वी राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों को लाभ होगा। देश में पानी की 16 राष्ट्रीय परियोजनाएं संचालित हैं।
उन्होंने ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने के किए गए अपने वादे की केन्द्र सरकार को याद दिलाते हुए कहा कि उसे ईआरसीपी को भी राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर अपना वादा निभाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे महंगाई राहत कैम्पों से लोग काफी खुश हैं। इन कैम्पों में महंगाई से तत्काल राहत देने वाली 10 योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 100 यूनिट तक निःशुल्क बिजली से अधिकांश घरेलू उपभोक्ताओं का बिल शून्य हो गया है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेन्द्र यादव, पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, जमवारामगढ़ विधायक गोपाल लाल मीना एवं शाहपुरा विधायक आलोक बेनीवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *