करीमनगर : तेलंगाना पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद बंदी संजय कुमार को मंगलवार देर रात यहां गिरफ्तार कर लिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) थुला श्रीनिवास के नेतृत्व में एक पुलिस दल ने उन्हें मंगलवार देर रात करीब 12 बजे उस समय हिरासत में लिया, जब वह अपनी ससुराल में थे और उन्हें राचकोंडा पुलिस आयुक्तालय के तहत बोम्मलाराराम थाने में स्थानांतरित कर दिया।
संजय ने पुलिस से अपनी गिरफ्तारी के कारण के बारे में बहस की हालांकि, एसीपी श्रीनिवास ने स्पष्टीकरण देने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें गिरफ्तार करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि थाने में कारण बताया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष की गिरफ्तारी की खबर सुनकर पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने से रोकने का प्रयास किया। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की हालांकि, पुलिस ने जबरदस्ती संजय को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें बोम्मलारामराम थाने ले गईं। संजय की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य भर में धरना दिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने उन्हें विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष उपस्थित होने में विफल रहने के कारण गिरफ्तार किया है, जिसने उन्हें तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (टीएसपीएससी) प्रश्न पत्र लीक होने के मुद्दे से संबंधित सबूत दिखाने के लिए नोटिस जारी किया था। दरअसल, उन्होंने एसआईटी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के बजाय, अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए एक कानूनी टीम भेजी। गिरफ्तारी का एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि उन्होंने कथित तौर पर सोमवार और मंगलवार को 10वीं कक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने से संबंधित एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बंदी संजय को किया गिरफ्तार
