गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तृणमूल नेता मारक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिलांग : मेघालय पुलिस ने सोमवार को राज्य के वेस्ट गारो हिल्स के जिला मुख्यालय तुरा में मुख्यमंत्री कार्यालय पर हुए हमले में कथित संलिप्तता के लिए तृणमूल कांग्रेस (तृणमूल ) नेता रिचर्ड म्रोंग मारक और 18 अन्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक लज्जा राम बिश्नोई आयन ने मंगलवार को कहा कि मराक (जो पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मुकुल संगमा के करीबी सहयोगी हैं) ने पुलिस कर्मियों पर पत्थरों से हमला करने के लिए ‘भीड़’ को उकसाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। उन्होंने कहा कि मराक भीड़ में थे और उन्हें हमला करने के लिए उकसा रहे थे और उसे पुलिस कर्मियों पर अपना हमला जारी रखने के लिए भीड़ को नकदी बांटते हुए भी देखा गया था।
इस घटना के समय मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा (एसीएचआईके) और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी (जीएचएसएमसी) के आंदोलनकारी सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि राज्य में नौकरी आरक्षण नीति की समीक्षा के अलावा तुरा को मेघालय की ‘शीतकालीन राजधानी’ घोषित करने की अपनी मांगों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के लिए दोनों समूह तुरा में दो सप्ताह के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे।
मराक पहले कांग्रेस में थे और इस साल के विधानसभा चुनाव के दौरान दक्षिण तुरा निर्वाचन क्षेत्र से मुख्यमंत्री कोनराड संगमा के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे।
मराक के अलावा तृणमूल के 11 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सात अन्य लोगों को भी सोमवार के हमले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि जब बैठक चल रही थी, तो बाहर भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी और बाद में कर्फ्यू लगा दिया। हमले में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गये।
इस बीच नेशनल पीपुल्स यूथ फ्रंट ने निहित स्वार्थ समूहों के कार्यों की कड़ी निंदा की है, जिन्होंने श्री संगमा और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच शांतिपूर्ण चर्चा को बाधित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा,“हम गुंडों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहते हैं। हम नागरिकों से आग्रह करते हैं कि वे शांत रहें और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को काम करने दें और गलत काम करने वालों को गिरफ्तार करने के लिए हर संभव तरीके से सहयोग करें।”
भाजपा नेता एवं तुरा जिला परिषद के सदस्य बर्नार्ड आर मराक ने भी हमले की निंदा की और कहा,“हमने उन लोगों की निंदा की, जिन्होंने हिंसा भड़काई है… कानून को अपना काम करने दें, लेकिन किसी पर कोई व्यक्तिगत हमला नहीं होने दें।” पश्चिम गारो हिल्स के जिला मजिस्ट्रेट जगदीश चेलानी ने हिंसा के बाद सोमवार रात 09 बजे से सुबह 05 बजे तक तुरा शहर में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया। स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर तुरा नगरपालिका क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थान दिन में बंद रहे, हालाँकि, व्यापारिक और सरकारी प्रतिष्ठान काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *