हैदराबाद : तेलंगाना में हैदराबाद पुलिस ने मंगलवार को वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (वाईएसआरटीपी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला को मुख्यमंत्री निवास एवं कार्यालय प्रगति भवन का घेराव करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि वाईएसआर तेलंगाना पार्टी अध्यक्ष शर्मिला को सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद चेन्नारावपेट गांव में उनकी पदयात्रा के दौरान गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि वाईएसआरटीपी कार्यकर्ताओं और टीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई। बाद में कथित तौर पर टीआरएस कार्यकर्ताओं ने सुश्री शर्मिला के वाहन के साथ-साथ कुछ अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
सूत्रों के अनुसार सुश्री शर्मिला ने आज हैदराबाद में प्रगति भवन का घेराव करने का आह्वान किया। जिसके आरोप में पुलिस ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी की बहन सुश्री शर्मिला को कार से प्रगति भवन की ओर जाने के दौरान सोमाजीगुडा रोक लिया। पुलिस के बार-बार कहने पर वह अपनी कार से बाहर नहीं आयी। जिसके बाद, पुलिस ने उनकी कार को सुश्री शर्मिला समेत क्रेन के माध्यम से थाने पहुंचाया, जहां पुलिस ने डुप्लीकेट चाबियों से कार का दरवाजा खोलकर, उन्हें संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने वाई एस शर्मिला को किया गिरफ्तार
