बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में जनपद के नम्होल के पास पुलिस ने 20 लाख की शराब पकड़ी है। जानकारी के अनुसार नम्होल के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। ट्रक (एचपी23बी-5231) चालक मदनलाल से पुलिस ने दस्तावेज मांगे तो चालक के पास कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं हुए। शक होने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो ट्रक में 460 पेटी शराब बरामद हुई, जांच के दौरान 100 पेटी रॉयल स्टैग व 360 पेटी देसी शराब की बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख आंकी गई है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विवेक चहल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना बरमाणा में एक शराब से भरा हुआ ट्रक पकड़ा गया है, जिसमें 460 पेटी शराब की है। बाजार में इसकी कीमत 20 लाख बताई जा रही है। ट्रक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
